The Khabar Xpress 13 अक्टूबर 2024। सांस की बदबू एक सामान्य समस्या है, जो कभी-कभी लोगों के लिए शर्मिंदगी का कारण बन जाती है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। सांस की बदबू केवल ओरल हाइजीन की कमी के कारण नहीं होती, बल्कि यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकती है। आज की तेज-तर्रार और तनावपूर्ण लाइफस्टाइल में खान-पान की आदतें बिगड़ गई हैं, जिससे ओरल हेल्थ पर सीधा असर पड़ता है। इसके साथ ही कुछ मेडिकल कंडीशंस जैसे डायबिटीज, GERD और इंफेक्शन जैसी समस्याएं भी सांस में बदबू का कारण बन सकती हैं। कई बार लोग सांस की बदबू को केवल मसूड़ों या दांतों की समस्याओं से जोड़ते हैं, लेकिन असल में इसके पीछे शरीर में चल रही अन्य समस्याओं का भी बड़ा हाथ हो सकता है। संजीवनी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल श्रीडूंगरगढ़ के डॉ. के. एल. शर्मा ने बताया कि सांस की बदबू किन-किन चिकित्सकीय समस्याओं के कारण हो सकती है और इनसे बचने के लिए क्या-क्या उपाय किए जा सकते हैं।
डॉक्टर परामर्श के लिए जुड़े:- संजीवनी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल से चिकित्सीय परामर्श अथवा जानकारी के लिए टच करे।
1. ओरल इंफेक्शन
ओरल इंफेक्शन जैसे कि मसूड़ों की बीमारी (गम डिजीज), दांतों में कैविटी और मुंह के अल्सर के कारण सांसों में बदबू की समस्या हो सकती है। मसूड़ों की बीमारी में मसूड़ों में सूजन और संक्रमण हो सकता है, जिससे मुंह से दुर्गंध आने लगती है। अगर यह समस्या गंभीर हो जाए, तो दिक्कत हो सकती है। इस समस्या से निपटने के लिए रोजाना ब्रश और फ्लॉसिंग करना जरूरी है।
2. रेस्पिरेटरी इंफेक्शन
रेस्पिरेटरी इंफेक्शन जैसे कि ब्रोंकाइटिस, टॉन्सिलाइटिस और यहां तक कि सर्दी-जुकाम भी सांस की बदबू का कारण बन सकते हैं। जब इन संक्रमणों के कारण मुंह में म्यूकस जमा हो जाता है, तो यहां बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं, जिससे दुर्गंध आने लगती है।
3. गैस्ट्रोइसोफेजियल रिफ्लक्स डिजीज (GERD)
GERD या गैस्ट्रोइसोफेजियल रिफ्लक्स डिजीज एक ऐसी स्थिति है, जिसमें पेट का एसिड गले में वापस आता है। इससे मुंह में खट्टापन और सांस की बदबू हो सकती है। इस स्थिति में, भोजन का सही तरीके से पाचन नहीं हो पाता है, और इससे सांस की बदबू भी पैदा हो सकती है।

4. किडनी रोग
किडनी का सही तरीके से काम न करने पर शरीर में अपशिष्ट पदार्थ जमा हो जाते हैं, जो सांस की बदबू का कारण बन सकते हैं। जब किडनी टॉक्सिन्स को फिल्टर करने में असमर्थ हो जाती है, तो ये टॉक्सिन्स मुंह से दुर्गंध के रूप में बाहर निकलते हैं। किडनी रोग से पीड़ित लोगों की सांस में अमोनिया जैसी गंध आ सकती है।
5. डायबिटीज
डायबिटीज के रोगियों में भी सांस की बदबू की समस्या देखने को मिलती है। यह समस्या तब होती है, जब शरीर में शुगर का स्तर असंतुलित हो जाता है और शरीर ऊर्जा के लिए फैट का उपयोग करने लगता है। इससे कीटोन्स नामक तत्व उत्पन्न होते हैं, जो सांस में बदबू का कारण बनते हैं।
कैसे करें सांस की बदबू से बचाव?
सांस की बदबू का इलाज और रोकथाम उसकी जड़ पर निर्भर करता है। अगर यह किसी मेडिकल कंडीशन के कारण हो रही है, तो आपको उस कंडीशन का इलाज कराना चाहिए। इसके अलावा, ओरल हाइजीन को सही रखना भी बहुत जरूरी है। ब्रश और फ्लॉसिंग के साथ नियमित रूप से डेंटिस्ट के पास जाना सांस की बदबू से बचने का सबसे अच्छा तरीका है। इसके अलावा, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने से मुंह में लार का स्तर बढ़ता है, जिससे दुर्गंध से बचा जा सकता है।
Disclaimer: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। ऊपर दी गई जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर की राय अवश्य ले लें। The Khabar Xpress की ओर से कोई जानकारी का दावा नहीं किया जा रहा है।