The Khabar Xpress 15 नवम्बर 2026, श्रीडूंगरगढ़। शहर के वार्ड नंबर 28 में ब्राइट फ्यूचर स्कूल के ठीक सामने लगा विद्युत ट्रांसफार्मर कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्कूल के मुख्य आवागमन मार्ग के पास मौजूद इस ट्रांसफार्मर से विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके बावजूद इसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग अब तक जिम्मेदार विभागों के सामने एक बड़ा सवाल बनी हुई है।

इस गंभीर जनसमस्या को लेकर पार्षद प्रत्याशी एवं जनसेवक श्याम सारस्वत ने सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत को ज्ञापन सौंपकर ट्रांसफार्मर को तत्काल अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करवाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि स्कूल के सामने ट्रांसफार्मर होने से प्रतिदिन सैकड़ों विद्यार्थियों का आवागमन रहता है। इनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है।

सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी हादसे के बाद ही जागेंगे? क्या बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसी अप्रिय घटना का इंतजार किया जाएगा?
श्याम सारस्वत ने विधायक ताराचंद सारस्वत से इस मामले में संज्ञान लेकर विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश देने और ट्रांसफार्मर को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करवाने की मांग की है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

