श्रीडूंगरगढ़ में सरस्वती मंदिर में नवरात्रि की धूम, 251 कन्याओ का पूजन, आज रात सजेगी भजन संध्या

The Khabar Xpress 19 अक्टूबर 2026, श्रीडूंगरगढ़। नवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ स्थित सारस्वत समाज के सरस्वती मंदिर में धार्मिक आयोजन भव्यता के साथ मनाया गया। नवरात्रि के प्रत्येक दिन मंदिर में पं प्रमोद शास्त्री सारस्वत द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सोमवार सुबह कन्या पूजन के बाद 251 कन्याओं एवं 51 भैरू रूपी बच्चों को श्रद्धापूर्वक भोजन करवाया गया। मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल और श्रद्धा का विशेष दृश्य देखने को मिला।

सारस्वत युवा नवोत्थान समिति के तत्वावधान में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों के तहत आज सोमवार रात विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। समिति अध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि भजन संध्या में क्षेत्र के सुप्रसिद्ध गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।

आज रात 9 बजे से भजन संध्या

समिति की ओर से आयोजित भजन संध्या सोमवार, 19 अक्टूबर को रात 9 बजे से सरकारी हॉस्पिटल रोड स्थित सारस्वत भवन के पास आयोजित होगी। भजन संध्या में पंडित कैलाश सारस्वत, सांवर सारस्वत, रामावतार सारस्वत, टिंकू, प्रतीक और पुरुषोत्तम तावणियां ‘काका’ सहित अन्य कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।

सारस्वत युवा नवोत्थान समिति ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों और श्रद्धालुओं से भजन संध्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

कार्यक्रम स्थल: सारस्वत भवन के पास, सरकारी हॉस्पिटल रोड, श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर)
समय: रात 9 बजे से