मौत का हाईवे बनता श्रीडूंगरगढ़ का NH-11, अब सिर्फ ट्रॉमा सेंटर ही नहीं, फोरलेन भी जरूरी

दीपावली पर सड़क हादसों ने फिर उजाड़े परिवार, ट्रॉमा सेंटर के साथ सबसे बड़ी मांग, बीकानेर-सीकर हाईवे फोरलेन

The Khabar Xpress 10 नवम्बर 2026, श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-11 अब सफर का रास्ता कम और दुर्घटनाओं की आशंका वाला मार्ग ज्यादा बनता जा रहा है। दीपावली के चार-पांच दिनों में इस मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसों और हुई जनहानि ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। हर हादसे के बाद शोक, संवेदना और ट्रॉमा सेंटर की चर्चाएं होती हैं, लेकिन सड़क को सुरक्षित बनाने की ठोस पहल अब भी सवालों के घेरे में है।

श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर उपचार मिल सके, इसके लिए ट्रॉमा सेंटर बेहद जरूरी है। लेकिन एक कड़वी सच्चाई यह भी है कि ट्रॉमा सेंटर हादसे के बाद जिंदगी बचाने की कोशिश करेगा, जबकि फोरलेन सड़क हादसों के खतरे को कम करने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है। इसलिए ट्रॉमा सेंटर जितना जरूरी है, उससे भी अधिक प्राथमिकता NH-11 को फोरलेन बनाने की होनी चाहिए।

आश्वासन बहुत मिले, धरातल पर काम कहां है ?

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल श्रीडूंगरगढ़ में कई सार्वजनिक मंचों से बीकानेर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाने का आश्वासन दे चुके हैं। लेकिन क्षेत्र की जनता के सामने आज भी वही सवाल खड़ा है कि इन घोषणाओं और आश्वासनों का धरातल पर परिणाम कब दिखाई देगा?

स्थानीय स्तर पर उठ रही आलोचनाओं के अनुसार, केंद्रीय मंत्री के कार्यकाल में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र को कोई बड़ी नई जनहितकारी परियोजना धरातल पर दिखाई नहीं दी है। ऐसे में फोरलेन का आश्वासन भी कहीं राजनीतिक मंचों तक सीमित होकर न रह जाए, यह आशंका जनता के मन में स्वाभाविक है।

जनता को अब भाषणों में फोरलेन नहीं, सड़क पर निर्माण कार्य दिखाई देना चाहिए।

हादसों के बाद जागना कब बंद होगा ?

सवाल केवल एक सड़क का नहीं, उन परिवारों का है जिनके घरों में सड़क हादसों ने अंधेरा कर दिया। क्या हर बार किसी की जान जाने के बाद ही व्यवस्था की नींद खुलेगी ? क्या विकास की प्राथमिकताओं में आम आदमी की जान की कोई कीमत नहीं ?

बीकानेर से सीकर तक NH-11 को फोरलेन बनाने की मांग अब महज विकास की मांग नहीं, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा और जीवन बचाने की मांग बन चुकी है।

सरकार, केंद्रीय मंत्री, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को अब स्पष्ट जवाब देना चाहिए—फोरलेन की परियोजना किस चरण में है, स्वीकृति कब मिलेगी और निर्माण कब शुरू होगा ?

श्रीडूंगरगढ़ को अब एक और आश्वासन नहीं चाहिए। उसे सुरक्षित हाईवे चाहिए। ट्रॉमा सेंटर भी चाहिए और फोरलेन भी, लेकिन दुर्घटनाओं की जड़ पर प्रहार करने के लिए फोरलेन को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

क्योंकि सवाल सड़क चौड़ी होने का नहीं, सड़क पर लोगों की जिंदगी बचने का है।

जनहित की आवाज बुलंद करना ही The Khabar Xpress की प्राथमिकता

The Khabar Xpress श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लगातार प्रमुखता से उठाता रहा है। हमारी प्राथमिकता केवल खबरें प्रकाशित करना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करना, क्षेत्र के ज्वलंत एवं सामयिक विषयों पर जनता की आवाज बुलंद करना और विकास में बाधक बन रही व्यवस्थागत खामियों को उजागर करना है।

क्षेत्र में हो रहे भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनहित की अनदेखी के मामलों को तथ्यों के साथ सामने लाना भी हमारी पत्रकारिता की जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष या विपक्ष में खड़ा होना नहीं, बल्कि जनता के सवालों को सत्ता और प्रशासन तक पहुंचाना है।

श्रीडूंगरगढ़ की सड़कें हों, चिकित्सा सुविधाएं हों, विकास कार्य हों या भ्रष्टाचार का मामला—The Khabar Xpress जनहित के हर जरूरी सवाल पर अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

क्योंकि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल घटनाओं का वर्णन करना नहीं, बल्कि उन सवालों को उठाना भी है जिनके जवाब जनता लंबे समय से तलाश रही है।