The Khabar Xpress 12 अक्टूबर 2026, श्रीडूंगरगढ़। नवरात्रि के उत्सवी माहौल के बीच श्रीडूंगरगढ़ में कल मंगलवार, 13 अक्टूबर को ‘नवरंग डांडिया नाइट’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। माहेश्वरी महिला मंडल एवं कान्हा ज्वेलरी हाउस के संयुक्त तत्वावधान में कस्बे के कालुबास स्थित नेहरू पार्क में शाम 7 से रात्रि 11 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में डांडिया, गरबा और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए अनेक प्रतियोगिताएं रखी गई हैं, जिनमें पारंपरिक राजस्थानी परिधान, डांडिया नृत्य, गरबा और आकर्षक वेशभूषा से जुड़ी श्रेणियां शामिल हैं।
ये रहेंगी प्रमुख प्रतियोगिताएं
नवरंग डांडिया नाइट में ग्रुप डांस, राजवाड़ी हुकम (मेल), रानी सा लुक (फीमेल), डांडिया क्वीन, डांडिया किंग, लिटिल डांडिया गरबा लुक, बेस्ट हेयरस्टाइल और प्रॉप धमाका जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा बेस्ट डांडिया डांस, नवरंग ऑलराउंडर, 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग, एवरग्रीन 40s कपल, नवरंग सेल्फी स्टार, डांडिया स्टिक ब्यूटी, नेल-रिंग एवं हैंड आर्ट क्वीन, मां-बेटी नंबर वन, बेस्ट ड्रेस-अप और बेस्ट ट्विनिंग लुक जैसी श्रेणियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी।
ये होंगे अतिथि एवं निर्णायक मंडल के सदस्य
कार्यक्रम में शालिनी बजाज (RPS), झंवरमल मित्तल (एसडीएम, श्रीडूंगरगढ़), निकेत कुमार पारीक (डीएसपी, श्रीडूंगरगढ़), नारायण कलाणी (नगरपालिका अध्यक्ष), विनोद गिरी गोस्वामी (नगरपालिका उपाध्यक्ष), समाजसेवी जुगलकिशोर तावणियाँ, संतोष पारख, प्रकाशचंद सिंघी तथा गजानन्द दाधीच रहेंगे मौजूद।
वहीं प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में बबीता स्वामी, श्रीमती टीशा मोरवानी और तमन्ना सेन शामिल रहेंगी।
संस्कृति, परंपरा और उत्सव का संगम
माहेश्वरी महिला मंडल की सदस्याओं का कहना है कि नवरात्रि के दौरान डांडिया और गरबा जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से सांस्कृतिक रंगों को जीवंत करने के साथ लोगों को एक मंच पर जोड़ने का हम पहली बार कर रहे है। कस्बे की मातृशक्ति, बच्चों एवं नागरिकों को इस नवरंग डांडिया नाइट में संगीत, नृत्य, पारंपरिक परिधानों और मनोरंजन के साथ उत्सव का माहौल बनाने का अवसर मिलेगा। मंडल की ओर से सभी प्रतिभागियों को सहज सुरक्षा का माहौल प्रदान किया जाएगा।
