The Khabar Xpress 7 अक्टूबर 2026, श्रीडूंगरगढ़। पंचायत राज चुनाव से पहले श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम दूसारणा पिपासरिया में परिसीमन को लेकर ग्रामीणों का विरोध सामने आया है। ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी, श्रीडूंगरगढ़ के नाम तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा को ज्ञापन सौंपकर पंचायत राज चुनाव के पूर्ण बहिष्कार की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में उनका गांव ग्राम पंचायत दूसारणा पंडरीकजी का हिस्सा था, लेकिन पंचायतों के परिसीमन के दौरान दूसारणा पिपासरिया को वहां से हटाकर ग्राम पंचायत कोटासर में शामिल कर दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक कोटासर गांव दूसारणा पिपासरिया से करीब 6 किलोमीटर दूर है, जिसके चलते ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि परिसीमन से पहले उन्होंने प्रशासन को बार-बार अपनी समस्या से अवगत कराया था, लेकिन उनकी मांग पर कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने अब मांग की है कि दूसारणा पिपासरिया को पुनः ग्राम पंचायत दूसारणा पंडरीकजी में शामिल किया जाए अथवा इसे अलग ग्राम पंचायत बनाया जाए।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो समस्त ग्रामीण पंचायत राज चुनाव का बहिष्कार करेंगे और मतदान नहीं करेंगे। साथ ही चुनाव के दौरान होने वाली पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में वीडियोग्राफी करवाने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनकी समस्या का समाधान करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर बीकानेर सहित स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों को भी दी गई है।
अब देखना यह होगा कि पंचायत राज चुनाव से पहले प्रशासन ग्रामीणों की नाराजगी दूर करता है या फिर चुनाव बहिष्कार की यह चेतावनी जमीनी आंदोलन का रूप लेती है।
