हादसे से पहले जागेगा प्रशासन या हादसे के बाद ?, प्रताप बस्ती में हनुमान मंदिर के पास बिजली खंभे को लेकर बढ़ी चिंता, स्थानीय लोगों ने नगर पालिका उपाध्यक्ष को सौंपा लिखित ज्ञापन, देखे वीडियो

The Khabar Xpress 06 अक्टूबर 2026, श्रीडूंगरगढ़। शहर के वार्ड नंबर 13 की प्रताप बस्ती में हनुमान मंदिर के पास लगे खंभे को लेकर स्थानीय लोगों ने अब प्रशासन का ध्यान खींचा है। खंभे की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए संजय कुमार पूनिया, सुनील प्रजापत, हनुमान नाई, मनफूल काजी सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका उपाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाईं को ज्ञापन सौंपकर इसे बदलने की मांग की है।

खंभा बदलेगा कब ? सवाल अब जिम्मेदारों से

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के पास स्थित खंभे को लेकर समय रहते कार्रवाई जरूरी है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित जिम्मेदार मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और यदि खंभा असुरक्षित स्थिति में है तो उसे तत्काल बदला जाए। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग को कई बार इसकी जानकारी दे दी गई हैं फिर भी जिम्मेदारों ने अपनी आंखें बंद कर रखी है।

मामला अब सिर्फ एक खंभे को बदलने की मांग तक सीमित नहीं है। सवाल यह है कि संभावित खतरे को गंभीरता से लेने के लिए किसी हादसे का इंतजार क्यों किया जाए?

शिकायत की, अब कार्रवाई की बारी

स्थानीय नागरिकों ने अपनी शिकायत नगर पालिका उपाध्यक्ष तक पहुंचा दी है। ऐसे में अब निगाहें जिम्मेदार विभाग पर हैं कि शिकायत के बाद मौके पर कब निरीक्षण होता है और खंभे को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।


अगर खंभा वाकई खतरनाक स्थिति में है तो कार्रवाई हादसे के बाद नहीं, हादसे से पहले क्यों नहीं ?

अब देखना होगा कि जिम्मेदार इस शिकायत को महज एक ज्ञापन मानकर छोड़ते हैं या समस्या को मौके पर जाकर देखकर समय रहते समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं।

देखे वीडियो….