बीकानेर–सीकर NH-11 को फोरलेन बनाने की मांग तेज, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने भेजा पत्र

The Khabar Xpress 30 जून 2026, श्रीडूंगरगढ़। श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री रामगोपाल सुथार ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-11 (NH-11) के बीकानेर से सीकर खंड को शीघ्र फोरलेन करने की मांग की है।

सुथार ने मांग की है कि आगरा से बीकानेर को जोड़ने वाला NH-11 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है। जयपुर से सीकर तक मार्ग फोरलेन है, जबकि सीकर से बीकानेर तक का हिस्सा अभी भी टू-लेन होने के कारण बढ़ते यातायात के अनुरूप पर्याप्त नहीं है।

रामगोपाल सुथार ने कहा कि इस मार्ग पर प्रतिदिन भारी वाहनों और आमजन का आवागमन लगातार बढ़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ रही है। विशेष रूप से बीकानेर से रतनगढ़ के बीच श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग की जा रही है। जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीकर से बीकानेर तक NH-11 के फोरलेन निर्माण को शीघ्र स्वीकृति देकर कार्य प्रारंभ करने का आग्रह किया गया है, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Comment