The Khabar Xpress 06 मई 2026, श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान सरकार के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (जलदाय विभाग) द्वारा वर्ष 2026-27 के बजट की घोषणाओं के तहत श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में नए उपखण्ड स्तरीय सहायक अभियंता (AEN) कार्यालय के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
इस महत्वपूर्ण घोषणा पर श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं पीएचडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यालय और सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित 7 कर्मचारियों के नवीन पदों के सृजन से न केवल प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव हो सकेगा।
कई वर्षों से जेईएन व अन्य कार्मिको के पद रिक्त
सरकार द्वारा नए पदों के सृजन की घोषणा की गई है जबकि धरातल पर अलग ही कहानी पेश आयी है। जिस दिन से नए पदो की घोषणा हुई है, The Khabar Xpress ने धरातल पर विभागीय छानबीन की तो सच कुछ ओर ही सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्षो से श्रीडूंगरगढ़ जलदाय विभाग में कार्मिको के पद रिक्त पड़े है। वर्तमान में श्रीडूंगरगढ़ जलदाय विभाग में चार जेईएन श्रीडूंगरगढ़ शहर, ग्रामीण (पूनरासर), धीरदेसर पुरोहितान एवं रिड़ी के पद है, लेकिन स्थिति ये है कि श्रीडूंगरगढ़ शहर में भी अभी कुछ समय पहले ही जेईएन पदस्थापित हुए है और रिड़ी में भी जेईएन पदस्थापित है लेकिन श्रीडूंगरगढ़ ग्रामीण और धीरदेसर पुरोहितान के पद काफी वक्त से रिक्त पड़े है। इनके साथ ही श्रीडूंगरगढ़ जलदाय विभाग में लगभग 15 से अधिक पद रिक्त पड़े है। जलदाय विभाग के शहर कार्यालय के हालात तो बदतर स्थिति में है यहां कार्मिक ना के बराबर है।

शहरवासियों का कहना है कि सरकार ने पद बढ़ाये है, खुशी की बात है लेकिन जो अभी पदों पर है वो तो अपना काम सुचारू रूप से कर रहे है क्या…? पद बढ़ाने से बेहतर है कि पेयजल आपूर्ति समस्या का निस्तारण किस प्रकार किया जाए उस पर ध्यान दिया जाए, जो पद रिक्त है उनकी भर्ती की जाए। मौजूदा विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक इतने लापरवाह हो चुके है कि अगर कहीं लिकेज से पानी व्यर्थ बह रहा है तो उसे हफ़्तों तक ठीक नहीं किया जाता। आमजन की शिकायतों को सुनने वाला कोई नही है।








