The Khabar Xpress 30 अप्रेल 2026, श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका का ये कार्यकाल बेहद ही विवादास्पद रहा है, चाहे फ़र्ज़ी बिलो के भुगतान का मामला हो या फिर फ़र्ज़ी पट्टो के जारी करने का मामला हो। भूमाफियाओं ने तो इस शहर की जमीनों पर अधिकार किया ही है लेकिन जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों ने भी जनमत का गला घोंटने का काम किया है।
नगरपालिका अध्यक्ष ने जिस जमीन को बचाने के लिए जिला कलेक्टर एवं संभागीय आयुक्त को लगाई थी गुहार, उसी जमीन के खुद ही जारी कर दिये पट्टे…
श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका की दिन पर दिन नई नई परते खुल रही है। जैसा कि आप सभी को पहले भी जानकारी दी गई थी कि श्रीडूंगरगढ़ के सरदारशहर मार्ग पर स्थित बॉम्बे व न्यू बॉम्बे कॉलोनी IInd जो खसरा नम्बर 1061,1062,1063,1064,1065 और नजदीक के गांव जैतासर के खसरा 813,814,817 व 818 में बनाई गई है। इस कॉलोनी की आड़ में कॉलोनाइजर सलीम बहेलिया ने श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका की 1067 व 1076 खसरे की जमीन पर कब्ज़ा कर उस बेशक़ीमती भूमि को भी अवैध रूप से बेच दिया।

इस पूरे प्रकरण में बड़ी जानकारी सामने आई है कि इस कॉलोनी के कॉलोनाइजर सलीम के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका के चेयरमैन मानमल शर्मा ने बीकानेर संभागीय आयुक्त एवं जिला कलेक्टर को 2 फरवरी 2023 व 9 फरवरी 2023 को पत्र लिखकर नगरपालिका के खसरा 1067 व 1076 पर कॉलोनाइजर द्वारा अवैध कब्जा करने एवं उसको खाली करवाने की गुहार लगाई थी। फिर उस जमीन पर नगरपालिका द्वारा निशानदेही करके तारबंदी भी की गई थी।

लेकिन ऐसा क्या हुआ था कि भूमाफियाओं द्वारा कब्ज़ा की हुई उसी जमीन पर श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका चेयरमैन मानमल शर्मा ने पट्टे जारी कर दिए। फरवरी में नगरपालिका चेयरमैन मानमल शर्मा द्वारा नगरपालिका की बेशक़ीमती भूमि को बचाने के लिए बीकानेर संभागीय आयुक्त एवं जिला कलेक्टर को पत्र लिखा गया था लेकिन उसी साल दिसम्बर आते आते ऐसा क्या हुआ था कि चेयरमैन ने उसी जमीन के पट्टे भी जारी कर दिए। सबसे बड़ी बात है कि उन पट्टो में एक पट्टा भूमाफिया के ही परिवार का भी है। जब रजिस्ट्रार ऑफिस से इन पट्टो की जानकारी ली गयी तो ज्ञात हुआ कि नगरपालिका द्वारा जारी पट्टो पर चेयरमैन मानमल शर्मा के हस्ताक्षर किये हुए है।

अब बड़ा सवाल ये है कि नगरपालिका अध्यक्ष मानमल शर्मा ने पहले अगर भूमाफियाओं ने नगरपालिका की जमीन पर कब्ज़ा करने के आरोप लगाते हुए कार्यवाही की थी तब बाद में ऐसी कौनसा दबाव आगया था जो उन्हें पट्टे जारी करने पड़े…?
जवाब The Khabar Xpress के पास है लेकिन उसके लिए थोड़ा इंतज़ार करना पड़ेगा। कुछ प्रूफ्स अभी बाकी है…
चलते – चलते….
श्रीडूंगरगढ़ के जनलोकप्रिय एवं विकासपुरुष विधायक ताराचंद सारस्वत हर सार्वजनिक मंच पर श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में हुए भ्रष्टाचार के बारे में लोगो को जरूर बताते है लेकिन आमजन अब चाहता है कि विधायक अब नगरपालिका में हुए समस्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच करावे और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर आमजन में एक मिसाल कायम करें कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जैसी वे बाते करते है वैसी वो निभाते भी है।








