The Khabar Xpress 13 अप्रैल 2026, श्रीडूंगरगढ़। कल मंगलवार 14 अप्रैल को श्रीडूंगरगढ़ शहर में पूरे दिन आयोजन होंगे। शहर के अलग अलग हिस्सों में शहर के नागरिक इन आयोजनों का हिस्सा बनेंगे।
आशीर्वाद बालाजी मंदिर का तृतीय वार्षिकोत्सव
श्रीडूंगरगढ़ के आडसर बास के वार्ड 32 में स्थित आशीर्वाद बालाजी मंदिर ट्रस्ट के तीसरे वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल जागरण एवं महाप्रसाद का आयोजन होगा। ट्रस्ट के संपत गुरावा ने बताया कि वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल को भव्य जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस जागरण में भारत के मशहूर संगीतकार, गायक कलाकार नवदीप बीकानेरी एवं सुप्रसिद्ध भजन सम्राट मास्टर नानू बीकानेरी द्वारा भक्तों को भक्तिमय भजनों का सुअवसर मिलेगा। 15 अप्रैल को सुबह महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।

सेन जयंती समारोह
श्रीडूंगरगढ़ सेन समाज द्वारा सेन जयंती समारोह मनाया जा रहा है। समारोह में आज सोमवार 13 अप्रैल को संगीतमय सुंदरकांड का वाचन किया जा रहा है। 14 अप्रैल को सुबह 7:15 बजे सेन मंदिर में महा आरती का दर्शन लाभ मिलेगा तो 10:30 बजे गाजे बाजे के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर को महाप्रसाद का भोग लगाया जाएगा। शाम को सेन समाज नवयुवक मंडल द्वारा समाज की बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें भवन निर्माण पर चर्चा की जाएगी साथ ही भवन निर्माण कमेटी का गठन कर अध्यक्ष का चुनाव करवाया जाएगा।
बाबा साहेब की जयंती पर प्रतिभा सम्मान समारोह
श्रीडूंगरगढ़ के कालुबास स्थित वार्ड 1 में युवा संगठन द्वारा महात्मा ज्योतिबा फूले एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कल 14 अप्रैल को प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे वार्ड 1 स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित होगा।









