The Khabar Xpress 28 मई 2025। वर्तमान समय में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की दो गम्भीर समस्याएं है जो आम समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मियों में श्रीडूंगरगढ़ कस्बे ही नहीं वरन पूरे क्षेत्र में भी पेयजल की समस्या गड़बड़ाई हुई है। हालात ये है कि आये दिन कस्बे के नागरिक जलदाय विभाग जाकर प्रदर्शन करते हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत के अथक प्रयासों के बावजूद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा। विभाग के कर्मचारी और ठेकेदार द्वारा भयंकर लापरवाही बरती जा रही है जिसका ठीकरा वर्तमान विधायक के मत्थे मण्ड रहा है। दूसरी समस्या है श्रीडूंगरगढ़ में उपजिला अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर का निर्माण। जो स्वास्थ्य विभाग एवं निर्माणकर्ता दानदाताओं के बीच फसा हुआ है। इस ट्रॉमा सेंटर के निर्माण के लिए कस्बे के युवाओं द्वारा गत 227 दिनों से उपखण्ड कार्यालय के समक्ष धरना दिया जा रहा है।
आंदोलनों की राह पर श्रीडूंगरगढ़
श्रीडूंगरगढ़ के पुर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के नेतृत्व में श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस पानी व बिजली की मांग को लेकर प्रदर्शन करेगी। राजेश मंडा ने बताया कि वर्तमान में इस भीषण गर्मी में क्षेत्र में पानी एवं बिजली की भंयकर समस्या है और पानी के लिए त्राही त्राही मची है। श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस द्वारा आमजन की इस समस्या के निराकरण हेतु कल दिनांक 29 मई 2025 को जलदाय विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया जायेगा और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया जायेगा। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा गांधी पार्क से प्रदर्शन की शुरुआत होगी जो उपखंड कार्यालय पर आकर समाप्त होगी।

कॉमरेड की 3 जून चेतावनी सभा
श्रीडूंगरगढ़ उपखंड कार्यालय के समक्ष ट्रॉमा सेंटर निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले गत 227 दिनों से चल रहे धरने पर आज धरनार्थियों की बैठक हुई। जिसमें पुर्व विधायक कॉमरेड गिरधारी लाल महिया ने आह्वान किया कि वर्तमान सरकार और प्रशासन ट्रॉमा सेंटर निर्माण के लिए गंभीर नहीं है। महिया ने कहा कि प्रशासन की इसी उदासीनता के कारण 3 जून को चेतावनी सभा का आयोजन किया जाएगा। इस सभा के लिए कार्यकर्ताओ को अलग अलग गांवों और शहर में जनसंपर्क कर आमजन को इससे जोड़ने के लिए टीमें बनाकर भेजा जा रहा है।










