द खबर एक्सप्रेस 01 अक्टूबर 2023। राजस्थान विधानसभा चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज फिर शाम 7 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। उसके बाद शाम 7.30 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय ने एक सर्कुलर शाम 6 बजे का जारी किया था लेकिन अभी थोड़ी देर पहले नया सर्कुलर जारी किया है जिसमें बैठक का समय 7 बजे बताया गया है। बैठक के मद्देनजर तमाम मंत्रियों को जयपुर में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि बैठक को लेकर अभी तक कोई एजेंडा जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि बैठक में विधानसभा चुनाव को देखते हुए कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। कई विभागों के प्रस्ताव पर केबिनेट की मुहर लगेगी।
जनता को दे सकते हैं नई सौगात….
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के अब दिन कम रह गए हैं। गहलोत सरकार सत्ता में वापसी को लेकर तमाम उपाय कर रही है। रणनीतियां बना रही है। नई योजनाएं और गिफ्ट जनता को दे रही है। राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने रविवार को अपने आवास पर केबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि यह अंतिम केबिनेट बैठक हो सकती है। इस वक्त केंद्रीय योजना आयोग की टीम राजस्थान में है। कभी भी चुनाव की डेट की घोषणा हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीएम अशोक गहलोत ने शाम 7 बजे कैबिनेट बैठक बुलाई है। कैबिनेट बैठक के बाद शाम 7.30 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक होगी।
इससे पहले हुई कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों को दी थी राहत
बता दें इससे पहले भी सीएम अशोक गहलोत ने कैबिनेट की मीटिंग में कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान की थी। विधानसभा चुनाव से पहले कर्मचारियों को खुश करने के लिए सीएम अशोक गहलोत ने उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को मान लिया गया है। अब कर्मचारियों को 9, 18 और 27 साल की सर्विस पूरी होने पर 1992 के सिस्टम से बढ़े हुए पे स्केल का लाभ मिलेगा। कैबिनेट में इसके लिए नियमों में संशोधन को मंजूरी दी गई है। अब नियमों में बदलाव से सरकारी कर्मचारियों को प्रमोशन में ज्यादा पैसा मिलेगा।












