The Khabar Xpress 05 अगस्त 2025। श्रीडूंगरगढ़ शहर की यातायात व्यवस्था, गलियों में घूम रहे आवारा और आज़ाद गौवंश, मुख्य बाजार में बेतरतीब खड़े रेहड़ीवालों एवं घुमचक्कर से मुख्य बाजार डिवाइडर के बीच की जगह को ठीक कर सुधारने की मांग लेकर हिन्दू क्रांति सेना के कार्यकर्ता श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका पहुंचे और नगरपालिका अध्यक्ष मानमल शर्मा को ज्ञापन दिया।

श्रीडूंगरगढ़ टेक्सी यूनियन के अध्यक्ष गौरीशंकर स्वामी ने बताया कि कस्बे के मुख्य बाजार में टेक्सी स्टैंड के पास आजाद एवं लावारिश गौवंश मुख्य सड़क पर खड़े रहते है। जिसके कारण दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है साथ ही घुमचक्कर पर जयपुर एवं बीकानेर रोड के डिवाइडर पर गौवंश के कारण लगातार दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। स्वामी ने बताया कि घुमचक्कर से मुख्य बाजार पर बनी सड़क के डिवाइडर में गड्ढे पड़े है। दोपहिया वाहनों के स्लिप होकर गिरने के समाचार मिलते ही रहते है। डिवाइडर के बीच की सड़क को बनाया जाए।
हिन्दू क्रांति सेना के अध्यक्ष श्यामगिरी गुसाँई ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ शहर की वर्षों पुरानी समस्या बाजार के पुराने बस स्टैंड को अतिक्रमण से मुक्त करवाकर उसका शानदार विकास कार्य करवाकर बस स्टैंड को सुव्यवस्थित करवाने के लिए इस श्रीडूंगरगढ़ शहर और देहात क्षेत्र का प्रत्येक आम नागरिक आपका हार्दिक आभार ज्ञापित करता है। किंतु वर्तमान में बस स्टैंड के आसपास की आम गलियों में और मुख्य बाजार में विभिन्न स्थानों पर रेहडी और ठेले वालों ने अनधिकृत रूप से रेहड़ी ,ठेले और अस्थाई दुकानें लगा रखी है, जिसके कारण शहर में आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी रेहड़ी वालो का स्थायी रूप से समाधान किया जाए।

गौ सेवक नारायण जोशी ने बताया कि बाजार में अनधिकृत रूप से अस्थाई रेडी ठेले लगाकर आम रास्ते पर मुख्य बाजार में कब्जा करने वाले लोगों को नगरपालिका प्रशासन द्वारा वहां से हटाकर, आवागमन के रास्तों को सुचारु किया जाए और बाजार में दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे किए गए अवैध अतिक्रमण को भी सख्ती के साथ हटाया जाए और बाजार में यातायात पुलिस की स्थाई रूप से व्यवस्था की जाए ताकि श्रीडूंगरगढ़ शहर और देहात के आम नागरिक आसानी से बाजार के अपने रोजमर्रा के दैनिक कार्यों को सहजता से संपादित कर सकेंगे। इस दौरान प्रवीण सेवग, अरुण नाई, आनंद जोशी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।










