The Khabar Xpress 23 जून 2025। राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में 24 जून (मंगलवार) से 9 जुलाई तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन होगा। जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने कहा कि शिविरों में उपखंड अधिकारी, तहसीलदार तथा विकास अधिकारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। स्थानीय जनप्रिनिधियों को भी आमंत्रित करने तथा प्रतिदिन की प्रगति को पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश उन्होंने दिए। उन्होंने कहा कि रिपोर्टिंग अपलोड करने से पूर्व संबंधित उपखंड अधिकारी इसकी भली भांति जांच कर लें। जिला कलेक्टर ने बताया कि अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री रामावतार कुमावत अभियान के नोडल अधिकारी होंगे। शिविर प्रातः 9:30 बजे शुरू होगा तथा सायं 5:30 बजे तक चलेगा।
शिविर में इन विभागों की रहेगी भागीदारी
जिला कलेक्टर ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत आयोजित होने वाले शिविरों में राजस्व विभाग द्वारा राजस्व मंडल के तलब अभिलेखों अथवा पत्रावलियों को प्रेषित करने, लंबित नोटिस की तामील करने, लंबित पत्थरगढ़ी और सीमा ज्ञान प्रकरणों के निस्तारण, लंबित कुर्रेजात रिपोर्ट तैयार करना, लंबित नामांतरणों का निस्तारण, रास्तों के प्रकरणों का निस्तारण, आपसी सहमति से बंटवारे, बजट घोषणाओं के लंबित भूमि आवंटन के प्रस्ताव तैयार करना और अप्रयुक्त विभागीय भवनों और भूमि का उपयोग और आवंटन करना तथा अटल ज्ञान केंद्रों के लिए भूमि अथवा भवन चिह्नित करना जैसे कार्य करवाए जाएंगे। इसी प्रकार ग्रामीण विकास विभाग द्वारा डीबीटी के माध्यम से इक्कीस हजार रुपए की दर से प्रोत्साहन राशि का वितरण करने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत लक्षित बीपीएल परिवारों के बैंक खातों का सत्यापन, योजना में बीपीएल परिवारों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से जोड़ने के आवेदन प्राप्त करना तथा योजना के तहत 5 हजार नए गांवों के बीपीएल परिवारों का सर्वे करना जैसे कार्य किए जाएंगे।
पंचायती राज विभाग द्वारा स्वामित्व पट्टे बनाना और वितरण करना तथा वर्षा जल संग्रहण के लिए जल संग्रहण संरचनाओं की मरम्मत संबंधी कार्य करवाना, ऊर्जा विभाग द्वारा बिजली के झूलते तारों को खिंचवाना तथा विद्युत पोल सही करवाना, तारों के संपर्क में आने वाले पेड़-पौधों की कटिंग करवाना, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा लंबित नल कनेक्शन जारी करना, पानी की टंकियां की साफ-सफाई, पीएचईडी स्रोतों के लंबित विद्युत कनेक्शन जारी करना तथा ग्रीष्मकाल में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहे आकस्मिक कार्यों का संपादन करना, लीकेज मरम्मत और अंतिम छूट तक जल दबाव जांच करना एवं पाइपलाइन संबंधी कार्यों में तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत की स्थिति की समीक्षा और सत्यापन करना जैसे कार्य करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा नहरी क्षेत्र में बाराबंदी से संबंधित सुनवाई प्रकरणों के निस्तारण, खाल अथवा आड के विवादों का निस्तारण, नहरों की पटरों की सफाई और मरम्मत, नहरों से गाड़ निकालना और झाड़ हटाना, गेटों की सफाई और ग्रीस लगाना तथा पंचायत राज से जल संसाधन विभाग को हस्तांतरित जल संग्रहण संरक्षण संरचनाओं की मरम्मत करना जैसे कार्य होंगे।
कृषि सहित अन्य विभाग करवाएंगे विभिन्न कार्य
जिला कलेक्टर ने बताया कि कृषि और उद्यानिकी विभाग द्वारा सूक्ष्म सिंचाई योजना के अंतर्गत ड्रिप, मिनी और फवारा इत्यादि की स्वीकृति जारी करना, मृदा नमूनों का संग्रहण एवं स्वास्थ्य कार्ड जारी करना जैसे कार्य होंगे। वन विभाग द्वारा नर्सरी से पौध वितरण और हरियालो राजस्थान के तहत पौधारोपण करवाया जाएगा। खाद्य विभाग द्वारा एनएफएसए के तहत लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा एनएफएसए में शामिल नवीन पात्र परिवारों अथवा सदस्यों की आधार सीडिंग करना और एनएफएसए परिवारों सदस्यों की केवाईसी करना जैसे काम होंगे।
चिकित्सा विभाग जारी करवाएगा लंबित यूडीआईडी
जिला कलेक्टर ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लंबित यूडीआईडी कार्ड जारी करना, एमएनडीवाई दवा वितरण काउंटर पर दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना, आयुष्मान कार्ड जारी करना, एनसीडी तथा टीबी मुक्त स्क्रीनिंग करना, सिलिकोसिस पीड़ितों का चिन्हीकरण और टीकाकरण जैसे काम होंगे। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं की जांच, इलाज और टीकाकरण के लिए कैंप आयोजित करना, मंगला पशु बीमा में रजिस्टर्ड पशुओं का हेल्थ सर्टिफिकेट जारी करना, सत्यापन करना और पॉलिसी जनरेट करना जैसे काम होंगे। जनजातीय क्षेत्रीय विभाग द्वारा विभाग की आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में साफ -सफाई और सुधार कार्य करवाए जाएंगे।
शिक्षा विभाग आयोजित करेगा प्रवेशोत्सव
इसी प्रकार शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय परिसरों की साफ सफाई, विशेष रूप से बालक-बालिका शौचालय की मरम्मत, विद्यालय में अनुपयोगी और जर्जर सामग्री का निस्तारण, स्कूलों में जल, बिजली, फर्नीचर, पंखे, बोर्ड आदि की कार्यशीलता की समीक्षा कर आवश्यक मरम्मत करवाना, विद्यालयों में प्रवेश उत्सव आयोजित कर नामांकन बढ़ाना, विद्यालयों का क्रमोन्नयन सुनिश्चित करना, नए संकाय शुरू कर विद्यार्थियों का नामांकन करना, तैयार अटल टिकरिंग लैब का शुभारंभ करना, यूनिफार्म के लिए राशि हस्तांतरित करना तथा एमडीएम में चिह्नित स्थान पर श्री अन्य प्रयोग आरंभ करना जैसे कार्य होंगे। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा स्कूटी ठीक कराके उनका वितरण करना, स्वायत्त शासन विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में नालों की सफाई और सत्यापन, वृक्षारोपण के लिए स्थान चिन्हित कर तैयारी करना, नालों में जल बहाव की रुकावटें दूर करना, मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्रों में सामग्री संग्रहण और वितरित करना, बंद स्ट्रीट लाइन लाइट शुरू कराना तथा संभावित अतिवृष्टि के संबंध में तैयारी जैसे कार्य करवाए जाएंगे। इसी प्रकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन पूर्ण करवाया जाएगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा : पहले दिन विभिन्न स्थानों पर होंगे शिविर
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत मंगलवार को पहले दिन बीकानेर के कोलासर, गुसाईसर और रामसर, लूणकरणसर के रोझा, सहनीवाला, काकड़वाला, श्रीडूंगरगढ़ के कितासर भाटियान, कितासर बिदावतान और बिग्गाबास रामसरा, कोलायत/हदां के सियाणा, खाखूसर और हदां, बज्जू के बज्जू खालसा, बज्जू तेजपुरा और मिठडिया, पूगल के बराला और करणीसर भाटियान, छत्तरगढ़ के 3 आरजेडी संसारदेसर, खाजूवाला के माधोडिग्गी और सामरदा तथा नोखा/जसरासर के कक्कू, हंसासर, धुपालिया और जसरासर में शिविरों का आयोजन होगा।
नियंत्रण कक्ष स्थापित
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए 24 जून से जिला कलेक्टर कार्यालय के कमरा नंबर 5 में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0151-222 6031 रहेंगे। यह नियंत्रण कक्ष 9 जुलाई तक कार्यरत करेगा। वर्तमान में संचालित नियंत्रण कक्ष में कार्यरत कर्मचारी उक्त पखवाड़े से संबंधित कार्य भी संपादित करेंगे। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी श्री मनीष कुमार शर्मा होंगे। जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने इस संबंध में आदेश जारी किए।










