The Khabar Xpress 11 फरवरी 2025। राजस्थान की भजनलाल सरकार अपने कार्यकाल का दूसरा बजट 19 फरवरी को पेश करने जा रही है। बजट को लेकर प्लान और नॉन प्लान की बजट फाइनलाइजेशन कमेटियों की बैठक हो चुकी हैं। इनके अलावा बजट को लेकर व्यापार संगठनों, युवाओं, महिलाओं और खिलाड़ियों से भी संवाद बैठकें मुख्यमंत्री के स्तर पर करवाई जा चुकी हैं।
5 लाख करोड़ से ज्यादा का होगा बजट साइज
इस बार बजट का साइज 5 लाख करोड़ रुपए से अधिक होने की संभावना है। पिछले साल सरकार की ओर से 4 लाख 95 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया था।
श्रीडूंगरगढ़ की उम्मीदें
इस बार के बजट सत्र में श्रीडूंगरगढ़ को बहुत ज्यादा उम्मीदे है। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत को सरकार में मुख्यमंत्री के सबसे नजदीकी व्यक्तियों में से एक माना जाता है। संगठन में भी उनकी मजबूत पकड़ है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने इस बजट को लेकर क्षेत्र की संभावित योजनाओं के बारे में बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र के चहुँमुखी विकास की है। क्षेत्र को बिना किसी भेदभाव के विकासोन्मुख किया जाएगा। विधायक ने बताया कि उनकी प्राथमिकता सर्वप्रथम पेयजल आपूर्ति के लिए है। जब तक सरकार की सभी गांवों को नहरी पेयजल से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना आरम्भ नहीं हो जाती तब तक नए ट्यूबवेल के निर्माण और पुराने ट्यूबवेल की बोरिंग के लिए सरकार से क्षेत्र के लिये डीटीएच मशीन की मांग की जाएगी। शहरी क्षेत्र में सीवरेज लाइन डालने का कार्य इसी कार्यकाल में पूरा करवाया जाएगा। विधायक ने बताया कि शहरी क्षेत्र में पेयजल की लाइन अत्यंत पुरानी हो चुकी है इसलिए पूरे शहर में नए सिरे से पाइप लाइन बिछाई जाये ऐसा प्रयास रहेगा। कस्बे के हजारों युवाओं के सपने को पूरा करने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण स्टेडियम का निर्माण करवाया जाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। शहर में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करना भी बेहद जरूरी हैं। सफाईकर्मियों की जल्द से जल्द भर्ती हो जिससे शहर की सफाई व्यवस्था माकूल हो सके इसके प्रयास किया जायेगा। श्रीडूंगरगढ़ में स्वीकृत ट्रॉमा सेंटर एवं उपजिला अस्पताल के निर्माण का मार्ग सुगम बनाने मेरी प्रथम वरीयता होगी। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहाँ के कृषि कुओं को नियमित रूप से बिजली आपूर्ति हो एवं किसी भी प्रकार की ट्रिपिंग का सामना किसानों को ना करना पड़े ये प्रयास रहेगा। नए जीएसएस का निर्माण एवं पुराने जीएसएस की पॉवर बढ़ाना भी मेरी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।









