The Khabar Xpress 08 सितंबर 2024। बीकानेर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीएसएफ के शिक्षक हुकम चंद चौधरी को शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। हुकम चंद चौधरी, जिन्हें “डिजिटल गुरुजी” के नाम से भी जाना जाता है, शिक्षा में नवाचार और उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध हैं। डिजिटल गुरुजी का राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त कर बीकानेर जिले में आगमन पर श्रीडूंगरगढ़ में स्वागत सम्मान किया गया।

इस अवसर पर पवन होटल में पुरस्कृत शिक्षक फोरम के जयपाल सोनी व मनोज कुमार लखारा ने साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर पवन सिंह, राहुल दानोदिया, सुनील शर्मा आदि उपस्थित रहे। जेपीएस स्कूल में स्वागत समारोह में निदेशक कुम्भाराम घिंटाला ने साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

शिक्षक राहुल दानोदिया ने बताया कि चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योगदान दिए हैं। उन्होंने शिक्षा में सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) का उपयोग कर नए तरीकों से छात्रों को पढ़ाया और उन्हें एक व्यापक शैक्षिक अनुभव प्रदान किया। उनके द्वारा विकसित ‘फोर्थ स्क्रीन एजुकेशन” और “ज्ञानोत्सव क्विज पोर्टल” जैसी डिजिटल पहलें कोरोना काल के दौरान छात्रों के लिए अत्यधिक उपयोगी साबित हुईं। उनके मार्गदर्शन में, कई छात्रों ने राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए, विभिन्न खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा को अधिक प्रभावी और आनंदमय बनाया। चौधरी ने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और ड्रॉपआउट दर को कम करने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। चौधरी के उल्लेखनीय कार्यों के कारण उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिसमें राज्य शिक्षक पुरस्कार और ई-गवर्नेस राजस्थान पुरस्कार शामिल हैं। उनका शिक्षण करियर और शिक्षा के प्रति समर्पण अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित होने के बाद, चौधरी की यह उपलब्धि बीकानेर और राजस्थान के लिए गर्व का विषय बनेगी और अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक बनेगी।








