The Khabar Xpress 01 सितंबर 2024। प्राचीन पूनरासर धाम में श्री पूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट के माध्यम से नवीकृत श्री रामप्रसाद भोजनालय का जन लोकार्पण समारोहपूर्वक हुआ। इस अवसर पर बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि बीकानेर के लोगों की पूनरासर हनुमानजी में गहन आस्था है, यह आस्था केन्द्र बहुत बड़े रूप आकार में बने, हम सबको मिलकर ऐसा प्रयास शीघ्र करना है। हम प्रार्थना करते हैं कि हनुमानजी महाराज हमारे सम्बन्धों को मजबूत और मधुर बनाए, मंदिर बनाने में किसी भी प्रकार का विघ्न न हो। पूनरासर का विकास होगा तो यह एक दिन नगरपालिका बन जाएगा।

ट्रस्ट के मंत्री एवं नवीकृत भोजनशाला के निर्माता मनोज पटावरी ने कहा कि पूनरासर हनुमानजी मंदिर के निर्माण के लिए यहां पत्थर आने शुरू हो गए हैं तथा उनकी घड़ाई- नक्काशी का कार्य प्रारम्भ हो गया है। भव्य मंदिर निर्माण के निमित्त वास्तुकार यहां निरीक्षण करके गए हैं। ट्रस्ट के माध्यम से यहां 1986 से भोजनालय चल रहा है, जिसका वर्तमान में नवीकरण किया गया है।

श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि श्री पूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट पूनरासर में विसर्जन के भाव से कार्य कर रहा है। मंदिर का परकोटा तथा 78 कोठरियां, हनुमान भवन, भोजनशाला, अंजनी माता मंदिर, गौशाला जैसे अनेक जनोपयोगी कार्य ट्रस्ट के माध्यम से हुए हैं। पूनरासर हनुमानजी चमत्कारी हैं, वे अपने मंदिर के निर्माण का रास्ता निश्चय ही सुगम करेंगे।
मुख्य ट्रस्टी सुमेरमल सुराना ने कहा कि पूनरासर ट्रस्ट जिस दिन यहां देवस्थान विभाग में पंजीकृत हो जाएगा, वह पूनरासर का ट्रस्ट हो जाएगा। यह ट्रस्ट बहुत पारदर्शिता से कार्य कर रहा है। ट्रस्ट भव्य पूनरासर हनुमानजी मंदिर बनाने के लिए तत्पर है, लेकिन चाहते हैं कि यह सभी पक्षों की सहमति से बने। ट्रस्ट के नवनिर्वाचित अध्यक्ष भीखमचंद पुगलिया ने कहा कि किंचित भी किसी के हितों पर कुठाराघात न हो तथा हंसी-खुशी और सबकी सहमति से मंदिर बने, ऐसा प्रयास ट्रस्ट कर रहा है।

संवाद संगोष्ठी में दोनों विधायकों ने अपने विचार राजस्थानी भाषा में प्रकट किए। समारोह में सुरेन्द्र बच्छावत, हंसराज बांठिया, डॉ चेतन स्वामी, रामेश्वर पारीक, हेमनाथ जाखड़, शिव स्वामी, गोपाल राठी, सुरेन्द्र चूरा, तोलाराम मारू, बजरंग शर्मा आदि गणमान्य जन उपस्थित रहे। संचालन साहित्यकार सत्यदीप ने किया।








