द खबर एक्सप्रेस 21 दिसम्बर 2023। भारत सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी आमजन तक पहुंचने, प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ देने, जागरूकता पैदा करने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के उद्देश्य से राज्य भर में आयोजित की जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन गांव राजेडु और बापेऊ में किया गया। शिविर नोडल प्रभारी उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने बताया की यात्रा के दौरान मोदी गारंटी रथ गांव में पहुंचा जहां ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।

मोदी गारंटी रथ में भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ साथ योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभव भी ग्रामीणों से साझा किए गए। सहायक नोडल प्रभारी विकास अधिकारी भवानीसिंह ने बताया की यात्रा के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। जिन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला गैस, स्वयं सहायता समूह, चिकित्सा सुविधा, किसान क्रेडिट कार्ड आदि योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया।

तहसीलदार राजवीर कड़वासरा ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभार्थी प्रमाण पत्र वितरित किए। कृषि विभाग के सहायक निदेशक रघुवर दयाल सुथार ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना की जानकारी दी।
कृषि अधिकारी कन्हैयालाल सारस्वत ने प्रधानमंत्री मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना की जानकारी देते हुए किसानों को केंद्र सरकार की योजनाओं से अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की। साथ ही उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किसानो को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए।

यात्रा के सह नोडल प्रभारी हितेश जांगिड़ ने विकसित भारत का संकल्प उपस्थित ग्रामवासियों को दिलवाया। इस दौरान कृषि अधिकारी सुरेंद्र मारू, सरपंच, सहायक कृषि अधिकारी श्रवण दास स्वामी, ग्राम पंचायतों के कार्मिक, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा, सहकारिता विभाग, बैंक, राजीविका, आदि विभागों के अधिकारी, कर्मचारियों सहित स्कूली छात्र छात्राऐं और ग्रामीण उपस्थित रहे।









