The Khabar Xpress 23 जुलाई 2025। विधायक ताराचंद सारस्वत ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जी को पत्र लिखकर NH 11 (जो श्रीडूंगरगढ़ से होकर गुजरता है) को फोर-लेन में बदलने की माँग की है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि यह हाईवे क्षेत्र की कृषि मंडी, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों और घनी आबादी के बीच से होकर गुजरता है, जिससे यहाँ पर यातायात का भारी दबाव बना रहता है। मूंगफली उत्पादन व व्यापारिक गतिविधियों के चलते हर सीजन में भारी मालवाहक वाहन इस मार्ग पर चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि संकीर्ण मार्ग और कमजोर अधोसंरचना के कारण आमने-सामने की टक्कर जैसी दुर्घटनाएँ आम हो गई हैं।
हाईवे के किनारे लगी फेंसिंग की बार-बार चोरी हो रही है।
जलभराव, गंदगी और नालों की सफाई की कमी के कारण स्थिति बदतर होती जा रही है।
फेंसिंग चोरी में स्थानीय तत्वों व अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई गई है।
विधायक ने आग्रह किया है कि बीकानेर से रतनगढ़ तक इस हाईवे को जल्द चार लेन में परिवर्तित किया जाए ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें, यातायात सुगम हो और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिले।
टूटी फेंसिंग और लापरवाह रख-रखाव से हाईवे बना खतरे का रास्ता विधायक ताराचंद सारस्वत ने जिला कलेक्टर बीकानेर से मिल कर स्थिति से करवाया अवगत
श्रीडूंगरगढ़ से गुजरने वाले नेशनल हाईवे की हालत लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। सघन आबादी क्षेत्र से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर टूटी हुई फेंसिंग, डिवाइडरों की बदहाल स्थिति और नष्ट हो चुके पौधों के चलते दुर्घटनाओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने इस गंभीर विषय को लेकर जिला कलेक्टर एवं सड़क सुरक्षा समिति अध्यक्ष को पत्र लिखकर तुरंत कार्यवाही की माँग की है।
उन्होंने बताया कि श्रीडूंगरगढ़, कितासर और शेरुना जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों से यह हाईवे गुजरता है, जहां डिवाइडरों व दोनों ओर की फेंसिंग का रखरखाव ना होने से फेंसिंग चोरी हो चुकी है जिससे आमजन सड़क क्रॉस करने पर मजबूर हैं व आवारा पशुओं का आवागमन बढ़ा है और अनेकों दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं।
विधायक ने बताया कि इस मुद्दे को कई बार नेशनल हाईवे के अभियंताओं को मौखिक रूप से अवगत करवाया जा चुका है, फिर भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। डिवाइडर पर लगे पौधे भी नष्ट हो चुके हैं और टूटे हुए फेंसिंग क्षेत्रों में कचरा डालने से क्षेत्र का सौंदर्यकरण भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने माँग की है कि डिवाइडरों एवं दोनों ओर की फेंसिंग को तत्काल दुरुस्त किया जाए, नष्ट फेंसिंग को पुनः लगाया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए।
आमजन की सुरक्षा और क्षेत्र की सुंदरता हेतु अब ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।










