The Khabar Xpress 24 सितंबर 2024। The Khabar Xpress लाया है आपके लिए आज मंगलवार 24 सितंबर की प्रमुख खबरे एक साथ.. खबरें दिन भर की
प्रमुख खबरे
किसानों ने दिया बिजली विभाग पर धरना, प्रधान प्रतिनिधि रहे साथ

श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बिजली की समस्याओं से किसानों के हालात खराब है। फसले काटने के लिए तैयार है। बिजली की समस्या को लेकर आज किसानों ने श्रीडूंगरगढ़ बिजली विभाग के आगे धरना दिया। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा भी किसानों का साथ देने पहुंचे। गोदारा ने विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर इसका समाधान जल्द से जल्द करने का आग्रह किया।
चार वर्षीय पुत्र को लेकर लापता हुई विवाहिता
क्षेत्र के गांव धीरदेसर चोटियान निवासी एक विवाहिता अपने चार वर्षीय बेटे को लेकर सोमवार सुबह बिना किसी को सूचना दिए घर से निकल गई। परिजनों द्वारा तलाश के बाद भी न मिलने पर विवाहिता के जेठ सीताराम ने श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनके भाई की शादी अल्का से 10 वर्ष पूर्व हुई थी और उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। अल्का सुबह 8 बजे घर से बेटे को लेकर निकली थी उसका मोबाइल बन्द आने व पीहर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश करनी आरम्भ कर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
भारत विकास परिषद, बीकाणा इकाई के तत्वाधान में विद्यालय स्तरीय भारत को जानो प्रथम चरण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

बीकाणा इकाई अध्यक्ष नरेश खत्री ( छाबड़ा ) के अनुसार बताया कि विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, कला, स्वर्णिम इतिहास, अध्यात्म, खेल, पौराणिक कथाएं, वैभवशाली अतीत इत्यादि से परिचित करवाने हेतु संपूर्ण भारतवर्ष में भारत विकास परिषद द्वारा प्रथम चरण में भारत को जानो लिखित परीक्षा, द्वितीय चरण में शाखा स्तरीय प्रश्न मंच, तृतीय स्तर पर प्रांत स्तरीय प्रश्न मंच, चतुर्थ स्तर पर रीजनल स्तरीय प्रश्न मंच एवं अंतिम स्तर पर राष्ट्रीय प्रश्न मंच का आयोजन किया जाता है, जिसके विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाता है।
भारत को जानो प्रतियोगिता के प्रभारी सतीश कुमार निगम ने बताया कि इस प्रतियोगिता में बीकानेर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

श्वेता खत्री एवं ज्योति शर्मा के अनुसार प्रतियोगिता में दा वेल्किन ऑफ विजडम स्कूल,ए. एम. द्रोण पब्लिक स्कूल, मुक्ता प्रसाद कॉलोनी, अधिशा अकादमी विद्यालय, रविंद्र नाथ पब्लिक स्कूल ने भाग लिया।
उपाध्यक्ष ओमप्रकाश डूडी ने बताया कि प्रतियोगिता को आयोजित करने में सभी स्कूलों के अध्यापकों व स्टाफ का सहयोग रहा। जिसमे दा वेल्किन ऑफ विजडम स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोज जी अग्रवाल, अधिशा अकादमी विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील जी यादव, रविंद्र स्कूल की प्रधानाध्यापिका रेनू जी खत्री और प्रशांत जी, ए. एम. द्रोण पब्लिक स्कूल, मुक्ता प्रसाद कॉलोनी के प्रधानाध्यापक प्रेम प्रकाश जी की सक्रिय भूमिका से ही भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन सफल रहा।
मार्शल प्रह्लाद सिंह बने लगातार 9वीं बार प्रभारी

अखिल भारतीय राजपूत विकास समिति नई दिल्ली के अभी हाल ही में द्विवर्षीय चुनाव सम्पन्न होने के बाद विभिन्न राज्यों और जनपदों के प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
समिति के राष्ट्रीय संयोजक मैनपाल सिंह राघव ने बताया कि जिन राज्यों के प्रभारियों ने अपने पिछले कार्यकाल में ईमानदारी, निष्ठा, लगन और मेहनत से सेवा कार्य किया है, उनको पुनः सेवा का मौका दिया गया है।
राष्ट्रीय संयोजक के निर्देश पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम सिंह सोम ने मार्शल प्रहलाद सिंह को राजस्थान प्रदेश का 9वीं बार प्रभारी नियुक्त किया है।








