The Khabar Xpress 13 सितम्बर 2024। क्षेत्र के बड़े गांवों में से एक रिड़ी में खेल मैदान तैयार हो गया है। मैदान का उद्घाटन 15 सितंबर को विशाल किसान महासम्मेलन के साथ होगा। जिस प्रकार से इस खेल मैदान के उद्घाटन की तैयारियां हो रही है, उससे लग रहा है कि “इस मैदान में खेला बड़ा होगा।”
सामान्य तौर पर अगर इसको देखा जाए तो इस खेल मैदान को तैयार करने में पंचायत के सरपंच ने बहुत मेहनत की है। ये उदाहरण उन सरपंचों के लिए भी है जिन्होंने अपने पंचायत क्षेत्र के विकास को अनदेखी करते हुए सिर्फ सरपंचाई तक ही सीमित रहे है। रिड़ी गांव के खेल मैदान उन सभी राजनैतिक प्रतिनिधित्व करने वाले स्वयम्भू नेताओ के लिए उदाहरण है कि अगर विकास की दृष्टि से दृढ़ता से कार्य किये जायें तो आपके लिए कुछ भी असंभव नहीं है।

सरपंच की विकासवादी सोच
रिड़ी सरपंच श्रीमती गुड्डी जाखड़ और सरपंच प्रतिनिधि देहात कांग्रेस सचिव हेतराम जाखड़ ने कमाल कर दिया है। युवा सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ ने अपने क्षेत्र में युवाओं के लिये शानदार कार्य करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रिड़ी के खेल मैदान को तैयार किया है। इस खेल मैदान में आर्मी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिये रनिंग ट्रेक के साथ शारिरिक रूप से फिट रहने के लिए ओपन जिम बनाया गया है। क्रिकेट मैदान को दर्शक दीर्घा के साथ बनाया गया है। जहाँ बैठ कर खेल का आनंद लिया जा सकता है। इस खेल मैदान में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का कुश्ती का ग्राउंड तैयार किया गया है। फ्लोर में कुश्ती मटका इस्तेमाल किया गया है जो क्षेत्रीय प्रतियोगियों को बड़े स्तर पर तैयारी करने का विकल्प देता है। वॉलीबॉल ग्राउंड को इस प्रकार तैयार किया गया है कि आप दिन-रात दोनों तरह के मैच का आनंद ले सकते है।


खेला होगा बड़ा
खेल मैदान और किसान महासम्मेलन की तैयारियों को जिस प्रकार से अंजाम दिया जा रहा है उससे लगता है कि ये मैदान छोटा और इसमे खेला होगा बड़ा। क्षेत्र के किसी भी गांव तक सरपंच प्रतिनिधि की टीम ने पहुंची हो ये कहीं से भी नहीं लगता। रतनगढ़ मार्ग पर कीतासर से लेकर क्षेत्र के अंतिम छोर के गांव किरतासर तक कार्यकर्ताओ ने बैनर, होर्डिंग्स और पोस्टर से भर दिया है राष्ट्रीय राजमार्ग हो या राज्यमार्ग, हो चाहे ग्रामीण मार्ग ऐसी कोई जगह नहीं है जहां इस आयोजन के प्रचार के साधन ना लगे हो।





रिड़ी के खेल मैदान में जहाँ बड़ा खेल रचा जा रहा है। उसी खेल मैदान की पिच पर बीकानेर जिले के नेता भी नजर आ रहे है। आज देहात कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग, युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हरीराम बाना, शैलेन्द्र गोदारा, श्रीकृष्ण गोदारा सहित कई युवा चेहरे खेल मैदान पहुंचे और वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ ने बताया कि उद्घाटन समारोह और किसान महासम्मेलन में क्षेत्र के हजारों किसान शामिल होंगे।

जिस प्रकार की तैयारियां इस आयोजन के लिए हो रही है उससे कही न कही जनता में एक राजनैतिक संदेश देने का इशारा कांग्रेस के बड़े नेताओं की भागीदारी से हो रहा है कि खेल मैदान का उद्घाटन तो बस बहाना है, राजनीति के नए पिच पर नए खिलाड़ियों को जमाना है।
अब इंतज़ार है 15 सितंबर का….








