The Khabar Xpress 18 जुलाई 2024। गुरुवार की सुबह कस्बे को गौरवान्वित करने वाली रही। पहले बेटी नंदिनी मारू ने आईआईटी खड़गपुर में चयन होकर कस्बे को गौरवान्वित किया तो अब बेटे प्रियांशु सारस्वत ने भी सफलता का परचम लहराया है। कस्बे के मोबाइल शॉप व्यवसायी राजेश सारस्वत के पुत्र प्रियांशु सारस्वत का भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली (IIT) में चयन हुआ है। प्रियांशु ने NTA द्वारा आयोजित JEE एडवांस 2024 की परीक्षा में AIR 4263 वीं रेंक हासिल की है। प्रियांशु का चयन केमिकल ब्रांच में हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार केमिकल ब्रांच में भी चयन होने वाला कस्बे का ये प्रथम छात्र है। प्रियांशु श्रीडूंगरगढ़ के विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री हुलास राम सारस्वत का पोत्र है। प्रियांशु के चयन पर उन्हें लगातार बधाईयां मिल रही है। सारस्वत युवा नवोत्थान समिति के अध्यक्ष मनोज कायल ने छात्र प्रियांशु एवं उनके पिता राजेश का मुंह मीठा करवाकर बधाई दी और सारस्वत समाज के युवाओं के लिए अनुकरणीय उदाहरण बताया। कायल ने कहा कि प्रियांशु से प्रेरित होकर समाज के अन्य छात्र भी समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे और देश सेवा में अपना योगदान देंगे।









