The Khabar Xpress 18 मई 2024। खुद को फिट और हेल्थी रखने के लिए अगर आप ये 5 आदतें अपनाते हैं, तो आप हर रोग से खुद को दूर रखने में मदद कर सकते हैं।
अपनाएं अच्छी आदतें
दिन भर की हमारी गतिविधियां हमारे स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव भी डालती हैं और बुरा भी। आपकी आदतों का सेहत पर क्या असर होगा इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी आदतें कैसी हैं। जिसमें मुख्य रूप से हमारे खाने और सोने की आदतें शामिल होती हैं। अगर आप गलत आदतों का पालन करते हैं, तो इससे आपकी सेहत पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। जिस कारण आपको कब्ज, एसिडिटी, गैस समेत अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। आपको हमेशा अपनी दिनचर्या में उन आदतों को शामिल करना चाहिए जो आपको स्वस्थ्य रखने में मदद कर सकती हैं। आपकी सेहत का ख्याल रखते हुए आज हम आपके लिए कुछ 5 आदतों की जानकारी लेकर आए हैं, जो आपको स्वस्थ और खुशहाल जीवन जीने में मदद कर सकती हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में
चबा-चबा कर खाना खाएं
आयुर्वेद के अनुसार खाने को जितना देर तक चबाकर खाया जाता है, उतना ही यह पचने में आसान रहता है और आपको हर तरह की बीमारी के खतरे से बचाने में भी मदद करता है। इसलिए जब भी आप भोजन करने बैठे तो खाने को कम से कम 32 बार चबाकर खाएं। इस आदत से आप पेट से जुड़ी सभी तरह की बीमारियों से छुटकारा पा सकते हैं।
जमीन पर बैठकर खाना खाएं
पुराने जमाने में जमीन पर बैठ कर खाना खाने की प्रथा हुआ करती थी। शायद यही वजह थी कि उस जमाने के लोग लंबे समय तक स्वस्थ्य रहते थे। आयुर्वेद में इस बात का उल्लेख किया गया है कि पृथ्वी के अंदर पाए जाने वाला ग्रेविटेशनल फोर्स खाने को जल्दी पचाने में मदद करता है। इसलिए यदि आप भी अपने रुटीन में बैठ कर खाना खाने की आदत डालते हैं, तो आप गंभीर बीमारियों से खुद का बचाव कर सकते हैं। जमीन पर बैठकर खाना, आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमन्द हो सकता है।
दोपहर के भोजन के बाद आराम करें
दोपहर के भोजन के बाद करीब आधे घंटे तक हमेशा लेफ्ट साइड की तरफ करवट लेकर आराम करना चाहिए। ऐसा करने से हाई ब्लड प्रेशर और गैस आदि समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। अगर आप अपने रुटीन में इस आदत का पालन करते हैं, तो आप एक हेल्दी जीवन जीने में सफल हो सकते हैं।
रात के खाने के बाद क्या करें
जब भी आपका डिनर पूरा हो जाए तो उसके तुरंत बाद सोने की आदत कभी न बनाएं। इससे आप लिवर संबंधी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए हमेशा रात के खाने के दो घंटे बाद सोना चाहिए। ऐसा करने से खाना आसानी से पच जाता है। इसके अलावा पेट संबंधी किसी भी तरह की समस्या से भी राहत मिल सकती है।
जरूरी बात
जब भी आप खाना खाने बैठें तो इस बात का हमेशा ध्यान रखें कि एक बार में एक ही तासीर वाला खाना खाएं। जी हां, अलग-अलग तासीर वाला खाना खाने से सेहत को कई तरह के नुकसान पहुंच सकते हैं। इन बातों का पालन करके आप कई गंभीर बीमारियों के खतरे से खुद को बचा सकते हैं। ये नियम आपको स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं।








