द खबर एक्सप्रेस 10 मार्च 2024। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं आरम्भ हो चुकी है। विद्यार्थी परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त है। आज जब विद्यार्थियों को सबसे अधिक शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के मार्गदर्शन की महती आवश्यकता है तब सभी शिक्षण संस्थाओं द्वारा सरकार की नीतिओ के खिलाफ बन्द का आह्वान किया गया है।
11 मार्च सोमवार को सेवा संगठन के नेतृत्व में प्रदर्शन
गैर सरकारी स्कूलों के समक्ष आ रही समस्याओं के समाधान हेतु पिछले दो सप्ताह से निजी स्कूल संचालक शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर समस्याओ के समाधान की मांग कर रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं ब्लॉक मुख्यालय पर राज्य स्तरीय संगठनों एवं स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों एवं स्वतंत्र रूप से गैर सरकारी स्कूल संचालकों द्वारा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, एसडीएम एवं कलेक्टर को मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शासन शिक्षा सचिव एवं शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजे गए। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गैर सरकारी स्कूल संचालकों द्वारा गत 3 मार्च को श्री डूंगरगढ़ उपखण्ड अधिकारी व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा गया था लेकिन शिक्षा प्रशासन एवं सरकार दोनों ही ने इसके प्रति कोई गंभीरता नहीं दिखाई। इसलिए गैर सरकारी स्कूलों से संबंधित समस्याओं की ओर सरकार ओर शिक्षा विभाग का ध्यान आकर्षित करने एवं समस्याओं का समाधान करवाने के लिए 11 मार्च 2024 सोमवार को 11:00 बजे स्कूल एजुकेशन वेलफेयर एसोसिएशन सेवा, राजस्थान के बैनर तले शिक्षा निदेशालय के सामने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। स्कूल शिक्षा परिवार के श्री डूंगरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष मूलचंद स्वामी ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों की समस्याओं के समाधान हेतु हम सब गैर सरकारी स्कूल संचालक कंधे से कंधा मिलाकर प्रदर्शन को सफल बनाएंगे। इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए श्रीडूंगरगढ़ परिक्षेत्र के सभी गैर सरकारी स्कूल संचालक सोमवार को एक दिन का स्वेच्छिक अवकाश रखकर शिक्षा निदेशालय के सामने पहुंच कर गैर सरकारी स्कूलों कि समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहे प्रदर्शन में शामिल होंगे।
सेवा के बलॉक अध्यक्ष मनोज गुसाई ने बताया कि सेवा संगठन के आह्वान पर प्रदेशव्यापी प्रदर्शन में भाग लेने के लिए यहां से सैकड़ो की संख्या में क्षेत्र के विभिन्न जिलों से स्कूल संचालक सोमवार सुबह बीकानेर पहुंचेंगे। सुबह 11:00 बजे पब्लिक पार्क में इकट्ठे होकर जूनागढ़ के सामने वाली सड़क से रैली के रूप में प्रदेश अध्यक्ष कोडाराम भादू के नेतृत्व में शिक्षा निदेशालय बीकानेर के सामने होने वाले प्रदर्शन करेंगे।
शिक्षण संस्थानों की ये है मांगे…
सेवा संगठन के मीडिया प्रभारी शैलेश भादानी ने बताया कि गत दो सप्ताह से गैर सरकारी स्कूल संचालक 21 फरवरी को शिक्षा निदेशक द्वारा जारी किए गए आदेश को प्रतिहारित करवाने, आरटीई में पढ़ने वाले विद्यार्थी की यूनिट कॉस्ट बढ़ने, पुस्तकों के लिए दी जाने वाली दर को संशोधित करने, आरटीई के प्रवेश हेतु जारी किए जाने वाले टाइम फ्रेम में भुगतान की तिथि अंकित करने, आरटीई का शिक्षा सत्र 2020-21 में ऑफलाइन पढ़ाए गये विद्यार्थी का भुगतान करने, तिथि का बैरियर लगाकर रोका गया भुगतान सहित सभी प्रकार का बकाया भुगतान करवाने, शिक्षा सत्र 2023-24 की प्रथम किस्त का भूगतान 25 मार्च से पूर्व करवाने, आरटीई प्रवेश के आवेदन में दुर्लभ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र की बाध्यता समाप्त करने, दोहरे नामांकन की जांच के नाम पर रोका गया आरटीई का भुगतान करने, प्रवेश के लिए प्रथम कक्षा की आयु सीमा 5 वर्ष से 7 वर्ष करने, कक्षा 5 बोर्ड परीक्षा में ली जाने वाली परीक्षा शुल्क बंद करने, शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित स्कूली खेल कुद प्रतियोगिता में गैर सरकारी स्कूलों के शारीरिक शिक्षकों को निर्णायक व चयनकर्ता समितियों में शामिल करने, मान्यता के समय बालिका फाउंडेशन के लिए प्राइवेट स्कूलों से जमा राशि का उपयोग गैर सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली बालिकाओं के लिए करने आदि मांगों को लेकर शिक्षा विभाग एवं सरकार के अधिकारियों, शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री को बार-बार अवगत करवाया गया है। शिक्षा विभाग एवं सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया है। किसी ने कोई सुनवाई नहीं करने पर आखिर मजबूर होकर गैर सरकारी शिक्षण संस्था संगठन ने सेवा संगठन की अगुवाई में निदेशालय पर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। जिसमें हमारे क्षेत्र के सैकड़ो स्कूल संचालक शामिल होंगे।








