द खबर एक्सप्रेस 23 सितंबर 2023। राजस्थान दौरे पर आए राहुल गांधी – मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार को जमकर निशाने पर लिया। प्रदेश कांग्रेस के नए मुख्यालय के शिलान्यास के बाद सम्मेलन में राहुल गांधी ने महिला आरक्षण लागू करने के समय और जातिगत जनगणना को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि पूरे विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन किया। हम चाहते हैं कि महिला आरक्षण आज से ही लागू हो, लेकिन भाजपा दस साल बाद इसे लागू करना चाहती है। मोदी ओबीसी वर्ग को भागीदारी देना चाहते हैं, लेकिन जातिगत जनगणना से क्यों डर रहे हैं..? वे अडाणी से भी डरते हैं। चुनाव में जब बीजेपी वाले वोट मांगने आएं तो उनसे यह जरूर पूछना कि जातिगत जनगणना क्यों नहीं करवा रहे हो…?
नाम बदलने के लिए संसद का विशेष सत्र बुला लिया
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने नाम बदलना चाहा। संसद का विशेष सत्र बुला लिया। इंडिया को भारत किया, जबकि संविधान में साफ लिखा है कि इंडिया देट इज भारत । यानी इंडिया ही भारत है। जब उन्हें लगा कि इससे कोई फायदा नहीं होगा और भारत की जनता इन सब चीजों का समर्थन नहीं करती तो उन्होंने महिला आरक्षण बिल ले आए। महिला आरक्षण बिल का पूरे विपक्ष ने समर्थन किया। भाजपा चाहती है कि महिला आरक्षण दस साल में लागू हो, जबकि हम चाहते हैं कि महिला आरक्षण आज से ही लागू हो। मैंने रिसर्च की तो पता चला कि हमारी संस्थाओं में ओबीसी, दलित, आदिवासी वर्ग की क्या भागीदारी है…? आज के हिंदुस्तान को 90 लोग चलाते हैं। आज के हिंदुस्तान को प्रधानमंत्री 90 अफसरों के साथ चलाते हैं। वे हर मंत्रालय के सचिव हैं। प्रधानमंत्री ओबीसी की बात करते हैं, लेकिन इन 90 अफसरों में सिर्फ 3 ओबीसी हैं। उनके पास हिंदुस्तान का सिर्फ 5 प्रतिशत बजट है।

जातिगत जनगणना की बात करो तो टीवी बंद कर देते हैं
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में हर वर्ग को सही प्रतिनिधित्व देने लिए जातिगत जनगणना जरूरी है। इस जनगणना से पता चल जाएगा कि हिंदुस्तान में किस वर्ग के कितने लोग हैं। हम ओबीसी को भागीदारी देने की बात करते हैं, लेकिन जब तक ओबीसी कितने हैं, यह पता नहीं लगेगा तो कैसे काम होगा…? प्रधानमंत्री जातिगत जनगणना से क्यों डरते हैं…? हमने ये जनगणना करवाई थी, आंकड़े आपके पास हैं, उन आंकड़ों को हिंदुस्तान की जनता के सामने रख दीजिए और अगली जनगणना में जातिगत जनगणना भी करवाइए। ओबीसी का अपमान मत कीजिए। मोदी ने न तो अडाणी की बात कर पाते हैं, न ही ओबीसी के बारे में बात करते हैं।
कांग्रेस आई तो तत्काल महिला आरक्षण देंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 2024 में कांग्रेस सरकार आई तो तत्काल महिला आरक्षण देंगे। नई संसद भवन के लोकार्पण के समय में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नहीं बुलाया गया। यह राष्ट्रपति का अपमान है। उन्हें आदिवासी होने की वजह से नहीं बुलाया। इससे पहले कोविंद राष्ट्रपति थे तो उन्हें संसद भवन के शिलान्यास में नहीं बुलाया, क्योंकि वे अछूत मानते हैं। अछूत के आने से ये गंगाजल से जगह को धोते हैं। ये केवल कहने के लिए दलित और आदिवासी को आगे करने की बात कहते हैं।
श्रीडूंगरगढ़ से भी शामिल हुए कांग्रेसी नेता
राजधानी जयपुर में आयोजित कांग्रेस के इस कार्यक्रम में श्रीडूंगरगढ़ के कांग्रेसी नेता भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। कांग्रेस के पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के नेतृत्व में बीसूका सदस्य विमल भाटी, प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा सहित सैंकड़ो समर्थक पहुंचे।

कांग्रेस के युवा नेता और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष हरीराम बाना के नेतृत्व में युवा ब्रिगेड कल रात्रि को ही जयपुर के लिये कूच कर गयी। कांग्रेस नेता बाना ने बताया कि सैंकड़ो की संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर जयपुर कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे मूलाराम भादू के नेतृत्व में कार्यकर्ता कल शाम को ही जयपुर के लिये रवाना हो गए। मूलाराम भादू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के स्वागत के बैनर जयपुर में लगाये। भादू ने कार्यक्रम स्थल से लेकर रास्ते मे जगह जगह राहुल गांधी के स्वागत में बेनर लगाये। भादू ने बताया कि क्षेत्र के सभी कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत के लिये उत्साहित है।
















