दी खबर एक्सप्रेस 21 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ कस्बा लगातार पेयजल आपूर्ति समस्या से जूझ रहा है। विभाग किसी भी तरह से सुनवाई नहीं कर रहा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं ठेकेदार की मिलीभगत के कारण वार्ड संख्या 23 व 24 के उपभोक्ताओं को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस सम्बंध में पूर्व पार्षद मूलचन्द स्वामी ने सोमवार को जिला कलेक्टर को शिकायत प्रेषित की है। स्वामी के अनुसार विभाग एवं जलापूर्ति के लिए निविदा पर लगाये गए ठेकेदार ने जानबूझकर कर गौरव पथ पाइप लाइन का वॉल बदल दिया। इस पाइप लाइन का वॉल बदलने के कारण गत छः माह से जलापूर्ति ठप सी हो गई है। इस संबंध में अनेक बार विभाग के कनिष्ठ अभियंता एवं सहायक अभियंता से सम्पर्क किया परन्तु उन्होंने कोई भी कार्यवाही करने की जहमत नहीं उठाई। जलापूर्ति करने वाला लाइन मेन उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार करता है और विभिन्न प्रकार की धमकियां देता है। पूर्व पार्षद ने चेतावनी दी है कि एक दो दिनों में जलापूर्ति सही नहीं होने पर सहायक अभियंता का घेराव किया जायेगा और सुखी मटकियां फोड़ कर विरोध जताया जायेगा।